कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में अवैध महुआ से निर्मित्त मादक द्रव्य पदार्थ के खिलाफ कार्यवाही करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में उरगा पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को 3 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को आबकारी विभाग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दशरथभाठा (बैगचुलभाठा), पंचायत पताढी निवासी अपने घर और बाड़ी में बिक्री के लिए अवैध महुआ निर्मित्त मादक द्रव्य पदार्थ छिपाकर रखा है। सूचना पर आबकारी विभाग की टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित अवैध महुआ निर्मित्त मादक द्रव्य पदार्थ को बरामद किया।
आबकारी विभाग की टीम अवैध महुआ निर्मित्त मादक द्रव्य पदार्थ जब्त कर उसको अपने साथ ले जाने की कार्यवाही कर रही थी। इसी दौरान उसकी पत्नी और रिश्तेदार ने कार्यवाही का विरोध करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों महिलाओं ने जान से मारने की धमकी देते हुए प्रशिक्षु महिला उपनिरीक्षक शुभांगी तिवारी और आरक्षक रोचक देवांगन के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही ग्रामीणों को एकत्रित कर आबकारी टीम को घेरने का प्रयास भी किया।
घटना के बाद आबकारी विभाग की लिखित शिकायत पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 608/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 132, 121, 296, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उरगा पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
04 नवंबर / मंथन मित्तल





