कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा शहर के बुधवारी दशहरा मैदान के पास रेत से भरे ट्रैक्टर को रोककर रेत खाली कराने की बात को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। 2 और 3 नवंबर की दरम्यानी रात हुए इस विवाद ने देखते ही देखते हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, डंडे, चमड़े के बेल्ट और अन्य वस्तुओं से हमला किया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं। मामले में सीएसईबी चौकी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने और रेत खाली कराने की बात को लेकर हुई थी। ट्रैक्टर चालक ने इसकी सूचना अपने पक्ष के लोगों को दी, जिसके बाद राजेन दास अपने साथियों के साथ बुधवारी मैदान के पास पहुंचा। यहां दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
दोनों पक्षों की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। प्रथम पक्ष की रिपोर्ट पर हत्या के प्रयास सहित बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा दूसरे पक्ष की रिपोर्ट पर मारपीट, धमकी और बलवा सहित संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने कार्यवाही करते हुए 3 नवंबर को दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल ईंट का टुकड़ा और चमड़े का बेल्ट भी जब्त किया गया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्यवाही में सीएसईबी चौकी एवं सिविल लाइन रामपुर थाना पुलिस की भूमिका रही।
04 नवंबर / मंथन मित्तल





