* सड़क किनारे उबड़ खाबड़ रास्ता और अवैध पार्किंग बनी हादसे की मुख्य वजह
कोरबा (मंथन) कोरबा-चांपा राष्ट्रीय सड़क राजमार्ग अंतर्गत उरगा मुख्य मार्ग में हुए एक दर्दनाक हादसे में 18 चक्का ट्रैलर ने एक वृद्ध को अपनी चपेट में ले लिया। लगभग 60 वर्षीय वृद्ध ग्राम सेमीपाली थाना उरगा के निवासी बताये जा रहे हैं।
* वृद्ध के ऊपर से पार हो गया ट्रैलर का अगला और पिछला पहिया
मृतक अपनी एक्टिवा पर सवार होकर उरगा चौक की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान उनके पीछे से आ रही 18 चक्का ट्रैलर के चालक की लापरवाही के कारण अगले हिस्से से स्कूटी को ठोकर लगी। ठोकर लगते ही वह असन्तुलित होकर सड़क पर गिर पड़े और उनके ऊपर से ट्रैलर का अगला पहिया से लेकर पूरा पिछला पहिया तक पार हो गया। इस हादसे का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है।
जानकारी के अनुसार यदि यह कार यहां पर ना होती तो एकल और संकरी सड़क पर व्यस्त आवागमन के बीच आ रहे ट्रैलर से बचने के लिए वृद्ध अपना वाहन सड़क से नीचे उतार लिए होते। जिस वक्त यह हादसा हुआ, एक कार चांपा की ओर जाती नजर आ रही है तो दूसरी कार इस तरफ सड़क के किनारे खड़ी हुई है। इसी बीच ट्रैलर के सामने वृद्ध की स्कूटी चल रही है और उस स्कूटी को दोनों कार के बीच आते तक ट्रैलर के चालक ने ठोकर मार दी। ठोकर लगते ही वृद्ध गिर पड़े और पूरा ट्रैलर उनके ऊपर से गुजर गया।
उरगा मुख्य मार्ग में हुए इस घटनाक्रम ने स्थानीय और जानकार लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी उत्पन्न की है कि जिस जगह पर यह हादसा हुआ है वहां पहले भी हादसे होते रहे हैं। सड़क तक किये गए निर्माण सुगम आवागमन में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। सड़क तक यदि निर्माण ना हो, सड़क के किनारे वाहनों का ठहराव न हो तो छोटे दुपहिया वाहनों और राहगीरों को सड़क से उतरकर आगे बढ़कर निकलने व चलने में सुविधा होगी। वह हादसों से सुरक्षित रह सकते हैं।
04 नवंबर / मंथन मित्तल





