* विधायक प्रतिनिधि कृष्णानंद राठौर ने कलेक्टर को लिखा पत्र
कोरबा (मंथन) उमेंदीभाठा से दर्री तक जर्जर सड़क के कारण क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानी को देखते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई है। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि कृष्णानंद राठौर ने कलेक्टर को पत्र लिखकर सीएसआर मद अथवा जिला प्रशासन के माध्यम से स्वीकृत या अनुशंसित सड़क निर्माण कार्य को जल्द प्रारंभ कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने का आग्रह किया है।
पत्र में बताया गया है कि उमेंदीभाठा से दर्री जाने वाला मार्ग, जो राधा-कृष्ण मंदिर के पास से होकर गुजरता है, लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क खराब होने के कारण रोजाना आवागमन करने वाले विद्यालयीन छात्रों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की बदहाल स्थिति के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
श्री राठौर ने बताया कि सड़क निर्माण व अनुमोदन को लेकर पूर्व में चर्चा और प्रक्रिया हो चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्रवासियों में निराशा है। उन्होंने कलेक्टर से जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने मांग की है।
05 नवंबर / मंथन मित्तल





