* कलेक्टर के निर्देश पर अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ उड़नदस्ता सक्रिय
* ग्राम बिन्झरा और जटगा में संयुक्त टीम ने की कार्यवाही
कोरबा (मंथन) धान खरीदी वर्ष 2026-27 शुरू होने से पहले ही जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गड़बड़ी, अवैध भंडारण और दूसरे क्षेत्रों से धान खपाने की आशंकाओं को देखते हुए निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर सक्रिय उड़नदस्ता दल ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 101 बोरी मोटा धान जब्त किया है। इस कार्यवाही से धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों को प्रशासन ने सख्त संदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त जांच दल ने ग्राम बिन्झरा निवासी के गोदाम का निरीक्षण किया। यहां 51 बोरी मोटा धान मिला। इसी तरह ग्राम जटगा निवासी के गोदाम सह मकान की जांच में 50 बोरी धान बरामद किया गया। दोनों स्थानों से कुल 101 बोरी धान जब्त कर संबंधित व्यक्तियों की सुपुर्दगी में दिया गया है।
उक्त कार्यवाही में मंडी सचिव नारायण पटेल, सहायक खाद्य अधिकारी सरोज उरेती तथा मंडी उपनिरीक्षक आकाश भारद्वाज और दिनेश कुमार शामिल रहे। संयुक्त टीम ने मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्यवाही की। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध भंडारण, परिवहन और बिचौलियों के जरिए धान खपाने की संभावनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। गोदामों और संदिग्ध भंडारण स्थलों की जांच के जरिए यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि खरीदी केंद्रों में केवल पात्र किसानों का वास्तविक धान ही पहुंचे।
05 नवंबर / मंथन मित्तल





