* कोयला मजदूर पंचायत ने मांगा समयबद्ध निराकरण
कोरबा (मंथन) एसईसीएल दीपका क्षेत्र में कर्मचारियों और उनके परिवारों से जुड़ी बुनियादी समस्याओं को लेकर कोयला मजदूर पंचायत ने प्रबंधन का ध्यान आकर्षित कराया है। यूनियन ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक को 26 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर आवासीय परिसरों की बदहाल सुविधाओं, कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
महामंत्री सृष्टिधर तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए मांग पत्र में कहा गया है कि कर्मचारियों की समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। आवासीय परिसर में कल्याण मंडप का निर्माण पूरा कराने, बच्चों की शिक्षा के लिए डीपीएस या केंद्रीय विद्यालय शुरू करने तथा श्रमवीर स्टेडियम का आधुनिकीकरण कर खेल परिसर के रूप में विकसित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। यूनियन ने अष्टमुखी तालाब का गहरीकरण और सौंदर्यीकरण, इनडोर स्टेडियम में योनेक्स मानक का लकड़ी का कोर्ट, मैट और प्रकाश व्यवस्था तथा जिम का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। इसके अलावा पार्कों और झूलों की मरम्मत, श्रमिक चौक से एमटी-02 मार्ग और न्यू सीएचपी बेल्ट लाइन के पास जमा कीचड़ की सफाई, वाहनों की गति नियंत्रित करने स्पीड ब्रेकर तथा डम्पर वर्कशॉप के डीजल पंप पर तड़ित चालक लगाने की मांग की गई। यूनियन ने आवासीय एवं कार्यस्थलों पर कोयले की धूल रोकने नियमित पानी छिड़काव, मकानों में सीपेज की स्थायी मरम्मत और मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराने की मांग की है। कर्मचारियों को गमबूट, सुरक्षा जूते और टॉर्च सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
इसके साथ ही सिविल विभाग की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, रसोई गैस दर वृद्धि का लंबित एरियर तथा उत्कृष्ट उत्पादन लक्ष्य हासिल करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देने की मांग शामिल है। यूनियन ने प्रबंधन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समय-सीमा में निराकरण करने की अपेक्षा जताई है।
05 नवंबर / मंथन मित्तल





