* मानसिक बीमारी का चल रहा था उपचार
* पत्नी भी कैंसर से पीड़ित
कोरबा (मंथन) कोरबा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पथर्रीपारा में एक अधेड़ फांसी के फंदे में लटकी लाश मिली हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पहचान संतोष (40-45 वर्ष) के रूप में की गयी हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका उपचार भी चल रहा था। बताया गया है कि मार्च महीने में उसे सेंदरी स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।
* पत्नी कैंसर से पीड़ित
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि उक्त अधेड़ की पत्नी लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। उसके उपचार में लगातार खर्च होने के कारण परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था। हालांकि, इन परिस्थितियों का घटना से क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
* पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पथर्रीपारा में घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची थी। पंचनामा कार्यवाही पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों के बयान सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।
30 अक्टूबर / मंथन मित्तल





