
* मोहलाइन भांठा क्षेत्र में एक आवास पर टीम के पहुंचने की चर्चा
* एक अन्य स्थान पर भी कार्यवाही की सूचना
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के कटघोरा नगर में उस समय हलचल तेज हो गई, जब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्लू) की टीम के एक प्रभावशाली व्यक्ति के ठिकाने पर पहुंचने की जानकारी सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार टीम कटघोरा के वार्ड क्रमांक 6 स्थित मोहलाइन भांठा इलाके में एक आवास पर पहुंची है।
बताया जा रहा है कि जांच से जुड़ी टीम मौके पर मौजूद है। इसके साथ ही नगर के एक अन्य नगर सैनिक के घर पर भी टीम के पहुंचने की चर्चा है। हालांकि कार्यवाही की प्रकृति और जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
* डीएमएफ जांच के बीच कार्यवाही को लेकर चर्चा
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) से संबंधित कथित अनियमितताओं को लेकर विभिन्न स्तरों पर जांच और कार्यवाही की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में कटघोरा में ईओडब्लू की टीम के पहुंचने की सूचना के बाद इसे लेकर भी तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं। हालांकि वर्तमान कार्यवाही का डीएमएफ प्रकरण से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। न ही जांच के उद्देश्य, संबंधित व्यक्तियों अथवा किसी संभावित कार्यवाही को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आई है।
फिलहाल इस संबंध में ईओडब्लू की ओर से कोई आधिकारिक बयान या विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। जांच एजेंसी की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही कार्यवाही के कारणों और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
30 अक्टूबर / मंथन मित्तल





