कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में लगातार बारिश और तेज हवाओं के बीच वन्यजीवों के आबादी क्षेत्र में पहुंचने की दो घटनाएं सामने आईं। पुरानी बस्ती और सीएमपीडीआई कॉलोनी मानिकपुर में विशालकाय अजगर मिलने से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी और उनकी टीम ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर अजगरों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पहली घटना रात लगभग 9:30 बजे पुरानी बस्ती की है। यहां बिजली के मीटर बोर्ड के पास लगभग 8 फीट लंबा अजगर बैठा दिखाई दिया। बिजली के उपकरणों के नजदीक अजगर की मौजूदगी से किसी अनहोनी की आशंका बढ़ गई। स्थानीय निवासी विकास सिंह ने इसकी सूचना जितेंद्र सारथी को दी। सूचना मिलते ही वे लगातार हो रही बारिश के बीच मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर को रेस्क्यू कर सुरक्षित थैले में रखा। इसके बाद उसे प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया।बताया गया कि बस्ती के लोगों ने अजगर को नजदीकी नदी की ओर से आते हुए देखा था। रेस्क्यू के दौरान बिजली के मीटर और तारों के आसपास उसकी मौजूदगी से करंट लगने का खतरा भी बना हुआ था। समय पर कार्यवाही होने से संभावित हादसा टल गया और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
दूसरी घटना रात लगभग 10:30 बजे सीएमपीडीआई कॉलोनी मानिकपुर में सामने आई। यहां आर. लक्ष्मण ने कॉलोनी में विशालकाय अजगर के प्रवेश करने की सूचना दी। जितेंद्र सारथी ने तत्काल अपनी टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास को मौके पर भेजा। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू कर उसे भी सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
30 अक्टूबर / मंथन मित्तल





