* बेचने के लिए ढूंढ रहे थे ग्राहक
* मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए 2 कथित आरोपी
कोरबा (मंथन) कोरबा शहर में बाइक चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो चोरी की बाइक बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार वे अपने शौक और अय्याशी के लिए बाइक चोरी करते थे और चोरी की बाइक बेचकर मिलने वाले पैसों से पार्टी करने की तैयारी में थे।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि शांतिनगर निवासी ने 20 मई को बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, रात करीब 9 से 10 बजे के बीच उसकी बाइक चोरी हुई थी। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/26, धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने दो बाइक बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार, दोनों फिलहाल कोई काम नहीं करते थे। पूछताछ में सामने आया कि वे अपने शौक और अय्याशी के लिए बाइक चोरी करते थे। चोरी की बाइक को बेचकर मिलने वाली रकम से पार्टी करने की तैयारी में थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इसके अलावा और कितनी बाइक चोरी की हैं। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
18 सितंबर / मंथन मित्तल





