कोरबा (मंथन) औद्योगिक नगरी कोरबा में इन दिनों दोपहिया वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में हर रोज मोटरसाइकिल चोरी की वारदातें सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। चोर इतने बेखौफ हो चुके हैं कि पुलिस की गश्त को धता बताकर रोज नई वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच, कोरबा के इंडस्ट्रियल एरिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां बालाजी गैस एजेंसी के समीप बीते लगभग एक सप्ताह से एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, डिस्कवर मोटरसाइकिल पिछले सात दिनों से एक ही जगह पर संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी है।
* चोरी की गाड़ी होने की आशंका
आसपास के रहवासियों और कामगारों ने बताया कि काफी दिनों तक जब इस गाड़ी को कोई लेने नहीं आया, तब उन्हें संदेह हुआ। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने शहर के किसी हिस्से से इस दोपहिया वाहन को पार किया होगा और पकड़े जाने के डर से या पेट्रोल खत्म होने पर इसे इंडस्ट्रियल एरिया के पास लावारिस छोड़ दिया।
18 सितंबर / मंथन मित्तल





