कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में आम आदमी पार्टी (आप) ने छत्तीसगढ़ की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ 7 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। यह आवेदन कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम दिया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार पर किसान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसे बुनियादी मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।
ज्ञापन अंतर्गत छत्तीसगढ़ में एग्रीस्टेक और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी, लचर शिक्षा व्यवस्था, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था, खराब सड़कें, बिजली बिल से परेशान जनता, बढ़ता अवैध नशे का कारोबार और सड़क पर घूम रहे मवेशियों के इंतजाम सहित 7 सूत्रीय मांगें शामिल हैं।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और कोरबा विधानसभा प्रभारी आनंद सिंह ने कहा कि प्रदेश में किसान परेशान हैं। उन्हें इस साल भी महंगी यूरिया खाद लेनी पड़ी। एग्रीस्टेक और रकबा समर्पण के नाम पर धोखाधड़ी बंद की जाए, ताकि पिछले साल की तरह इस साल भी किसानों को आत्महत्या न करनी पड़े। ऐसा होने पर इसकी जिम्मेदारी तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर की होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब बच्चों के लिए सरकारी शिक्षा पूरी तरह बर्बाद कर दी है। प्रदेश शिक्षा के मामले में 34वें नंबर पर है, जो शर्मनाक है। सरकार पेपर लीक रोक नहीं पा रही है। स्वास्थ्य व्यवस्था वेंटिलेटर पर है।हर तरफ जर्जर सड़कें हैं, जिन पर बैठे मवेशियों की जान जा रही है। बढ़े बिजली बिल से जनता परेशान है।
18 सितंबर / मंथन मित्तल





