कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के दादर क्षेत्र में एक घर के भीतर एक साथ दो अहिराज सर्प मिलने से परिवार के लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग और वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर को दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि दोनों सर्प प्रजनन अवस्था में थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने जल्दबाजी करने के बजाय सावधानी बरतने और सांपों को स्वाभाविक रूप से अलग होने देने का निर्णय लिया। करीब डेढ़ घंटे के इंतजार के बाद दोनों सर्प अलग हुए, जिसके बाद उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना रात लगभग 8.30 बजे की है। घर में एक साथ दो सर्पो को देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए थे। सूचना मिलने पर जितेंद्र सारथी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने परिवार के सदस्यों को समझाया कि दोनों सर्प प्रजनन प्रक्रिया में हैं, इसलिए उन्हें जबरन अलग करना उचित नहीं होगा। इस दौरान आवश्यक सावधानी बरतते हुए दोनों सर्पो के प्राकृतिक रूप से अलग होने का इंतजार किया गया।
करीब डेढ़ घंटे बाद नर और मादा सर्प स्वतः अलग हो गए। इसके बाद जितेंद्र सारथी ने एक-एक कर दोनों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। वन विभाग के उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी देने के बाद दोनों सर्पो को उनके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया।
27 अक्टूबर / मंथन मित्तल





