* सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा शहर में घर-घर से कचरा एकत्र कर स्वच्छता व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाली सफाई दीदियों की सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है। कचरा संग्रहण के बाद उसे निर्धारित केंद्र तक ले जाने के दौरान कुछ महिलाएं कचरे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में उसके ऊपर बैठकर सफर करती दिखाई दीं। इस स्थिति ने सफाई कर्मचारियों के सुरक्षित आवागमन और उनके लिए उपलब्ध परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सफाई दीदियां प्रतिदिन घरों से कचरा एकत्र कर शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देती हैं। लेकिन कचरे से भरी ट्रॉली में बैठकर यात्रा करना उनके लिए जोखिम भरा हो सकता है। चलते वाहन से गिरने, चोट लगने और दूषित कचरे के संपर्क में आने का खतरा बना रहता है। ऐसे में कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उचित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।
* महापौर ने दिए जांच के आदेश
उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ उचित कार्यवाही की जाएगी। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सफाई दीदियों को कचरे से भरी ट्रॉली में बैठकर सफर क्यों करना पड़ा और इस व्यवस्था के लिए जिम्मेदार कौन है।
27 अक्टूबर / मंथन मित्तल





