* हर घर तिरंगा से बूथ समिति तक बनी रणनीति
* समरसता यात्रा को लेकर भी तैयार हुआ रोडमैप
* कार्यकर्ताओं को दिया गया स्पष्ट लक्ष्य
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत कोसाबाड़ी मंडल में भाजपा संगठन पूरी तरह मिशन मोड में नजर आया। बुधवारी स्थित जैन मंदिर सभागार में आयोजित मंडल कार्यसमिति की मासिक बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर मंथन हुआ, जिसमें राष्ट्रभक्ति के अभियान से लेकर बूथ की मजबूती तक हर मुद्दे पर रणनीति तैयार की गई।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में हर घर तिरंगा अभियान, संत रविदास जयंती से जुड़े आगामी कार्यक्रम, मंडल समरसता यात्रा और बूथ समिति गठन सहित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियों और संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता और बूथ स्तर पर खड़ा मजबूत संगठन है। इसी सोच के साथ बूथ समितियों के गठन को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि संगठन के कार्यक्रम केवल बैठक और मंच तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रभाव समाज के अंतिम व्यक्ति तक दिखाई देना चाहिए। जनसंपर्क, सामाजिक समरसता और संगठन विस्तार को आगामी गतिविधियों का महत्वपूर्ण आधार बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर विशेष चर्चा हुई। राष्ट्रीय भावना को जन-जन से जोड़ने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक स्वरूप देने का आह्वान किया गया। बैठक में कहा गया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है, इसलिए अभियान में समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
आगामी मंडल समरसता यात्रा को लेकर भी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। सामाजिक एकता और समरसता के संदेश को लेकर यात्रा को प्रभावी बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की रणनीति पर विचार
किया गया। साथ ही संत रविदास जयंती से जुड़े आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सामाजिक सहभागिता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया गया।
बैठक में भाजपा जिला कोरबा की उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, मुख्य वक्ता वरिष्ठ नेता एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मीकांत जोशी, पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, मंडल महामंत्री मिलाप राम बरेट, पुनी राम साहू, कोषाध्यक्ष अनिल वस्त्रकार, मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता कौशिक, प्यारे साहू, श्रीधर द्विवेदी, मंत्री श्रीमती सरस्वती पटेल, गोपलाल राठिया, जिला कार्यसमिति सदस्य श्रीमती तृप्ति सरकार, पूर्व किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती हार बाई यादव, मीडिया प्रभारी पवन सिंह, पूर्व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज सोनी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
10 अगस्त / मंथन मित्तल





