* बाउंड्रीवाल फांदकर खदान में घुसे लगभग 13 लोग
* 7 नाबालिग सहित 10 पकड़ाए, 3 फरार
कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में एसईसीएल की सुराकछार 04 नंबर खदान में आधी रात हुई लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। कुछ लोगो ने सुरक्षाकर्मी की पिटाई कर लगभग 55 हजार रुपए की कॉपर केबल लूटी थी। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगो को संदेह के आधार पर पकड़ा है, जबकि 3 अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पीड़ित गार्ड ने पुलिस को बताया कि 13 और 14 सितंबर की रात लगभग 15 अज्ञात लोग खदान की बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर घुस आए थे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को घेर लिया। उन्होंने सुरक्षाकर्मी से गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-झापड़ से मारपीट भी की।
* चालू लाइन की कॉपर केबल काट ले गए
इसके बाद वे सुराकछार 04 नंबर खदान में घुसे। वहां से चालू लाइन की 30 से 40 मीटर कॉपर केबल काटकर ले गए। चोरी हुई केबल की कीमत 50 से 55 हजार रुपए आंकी गई है।
* पुलिस ने घेराबंदी कर 10 को पकड़ा
सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर 10 लोगो को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गिरफ्तार लोगो में 3 बालिग और 7 नाबालिग बताए जा रहे हैं। उनकी निशानदेही पर लूटी गई केबल और वारदात में इस्तेमाल किए गए 7 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
बांकीमोंगरा थाना प्रभारी सत्यम साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया। जांच शुरू की गई और वे पकड़े गए। फरार की तलाश जारी है। खदान में लंबे समय से चोर गिरोह सक्रिय होने की बात सामने आ रही है, जिस पर अब पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है।
15 सितंबर / मंथन मित्तल





