* जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में हुआ भव्य आयोजन
* कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने महिला कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह
* तीज उत्सव एवं हरेली पर्व ने बांधा समां
कोरबा (मंथन) भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, जिला कोरबा की प्रथम परिचयात्मक बैठक का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय कोरबा में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के निर्देशानुसार आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में तथा भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में किया गया। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका तथा बूथ स्तर तक महिला मोर्चा को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
उक्त कार्यक्रम में विशेष रूप से लखन लाल देवांगन कैबिनेट मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्य कर, आबकारी एवं श्रम मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन उपस्थित रहे। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा उन्हें पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में श्रीमती फुलेश्वरी सिंह पैकरा, प्रदेश महामंत्री एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी, श्रीमती किरण साहू, संभाग सह प्रभारी, श्रीमती संगीता शर्मा, जिला प्रभारी तथा श्रीमती उमा सोनी, जिला सह प्रभारी ने उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दिशा एवं आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
प्रथम परिचयात्मक बैठक का उद्देश्य जिलेभर से जुड़ी महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना रहा। बैठक में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिले में निवासरत महिला मोर्चा की बहनों, प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों, विशेष आमंत्रित सदस्यों, मंडल अध्यक्षों, मंडल महामंत्रियों, मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों सहित विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की महिला पदाधिकारी, महिला पार्षदगण तथा वरिष्ठ महिला कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक के साथ ही महिला मोर्चा द्वारा तीज उत्सव एवं हरेली पर्व का भी हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। पारंपरिक पर्वों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। महिला कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया। तीज उत्सव और हरेली पर्व के आयोजन ने संगठनात्मक बैठक को सांस्कृतिक रंग भी प्रदान किया। कार्यक्रम में महिलाओं की सहभागिता और उत्साह देखते ही बनता था। पारंपरिक संस्कृति और संगठनात्मक एकजुटता का यह संगम महिला मोर्चा के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
10 अगस्त / मंथन मित्तल





