* खुद को पत्नी बताने वाली महिला लापता
* परिजनों ने निष्पक्ष जांच की करी मांग
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में प्रयागराज निवासी 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जहरीले खाद्य पदार्थ के सेवन की हालत में चिकित्सालय लाए गए युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
घटना के बाद खुद को मृतक की पत्नी बताने वाली एक महिला चिकित्सालय से अचानक गायब हो गई, जबकि मृतक का मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद नहीं होने से मामला और रहस्यमय हो गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज निवासी लगभग दो वर्षों से बिलासपुर स्थित एक शीशा फैक्ट्री में मजदूरी करता था। मंगलवार दोपहर उसे गंभीर हालत में कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मृत्यु की सूचना मिलने के बाद एक महिला चिकित्सालय पहुंची और स्वयं को उसकी पत्नी बताते हुए उनके दो बच्चों के होने का दावा किया। पुलिस ने महिला से प्रारंभिक पूछताछ की, लेकिन कुछ देर बाद वह चिकित्सालय से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। महिला के अचानक गायब हो जाने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने मृतक की जेब से मिले एक कागज पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर प्रयागराज में रहने वाले उसके पिता को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन कटघोरा पहुंचे। परिजनों ने बताया कि उसने शादी होने की जानकारी दी थी, लेकिन परिवार को उसकी पत्नी और पारिवारिक जीवन के बारे में अधिक जानकारी नहीं थी।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से केवल 401 रुपये नकद और कुछ कागजात मिले। उसका मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता और अन्य परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
16 जुलाई / मंथन मित्तल



