* पहले सावन सोमवार को करेंगे जलाभिषेक
कोरबा (मंथन) भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था, दृढ़ संकल्प और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का संदेश लेकर कोरबा जिले के तीन युवा बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर, झारखंड) के लिए पदयात्रा पर निकल चुके हैं। करतला विकासखंड के ग्राम रामपुर निवासी 25 वर्षीय दिलेश्वर पटेल, ग्राम भेलवाटार (नोनबिर्रा) निवासी 23 वर्षीय चितरंजन राठिया तथा सक्ती जिले के राजापारा निवासी 25 वर्षीय संगम यादव ने 14 जुलाई से अपनी धार्मिक यात्रा शुरू की है। तीनों शिवभक्तों ने संकल्प लिया है कि वे सावन के पहले सोमवार को बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे और देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना करेंगे।
इस पदयात्रा की सबसे खास बात यह है कि दिलेश्वर पटेल अपने पैतृक घर के कुएं का पवित्र जल कलश में भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम ले जा रहे हैं। सनातन परंपरा के अनुसार घर से श्रद्धा और संकल्प के साथ ले जाया गया पवित्र जल भगवान शिव को अर्पित करना अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है। इसी धार्मिक आस्था को निभाते हुए उन्होंने अपने घर के जल से जलाभिषेक करने का संकल्प लिया है।
पदयात्रा शुरू होने से पहले ग्राम रामपुर में परिजनों, ग्रामीणों और शिवभक्तों ने तीनों यात्रियों का तिलक लगाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर और “बोल बम” के जयघोष के साथ भावभीनी विदाई दी। सभी ने बाबा भोलेनाथ से उनकी यात्रा सफल, सुरक्षित और मंगलमय होने की प्रार्थना की।
16 जुलाई / मंथन मित्तल



