कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा में संचालित सरस्वती शिशु मंदिर के सदस्यों, आचार्य, दीदी एवं छात्र-छात्राओं ने बांगो थाना पहुंचकर पुलिस कर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता के साथ मनाया।
इस दौरान विद्यालय परिवार ने पुलिस जवानों की कलाइयों पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष किरण मरकाम, संध्या पाठक, शिव दास आचार्य, विद्यारानी, लक्ष्मी देवी, छनकुंवर, रश्मिपाल सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। छात्राओं एवं विद्यालय परिवार ने थाना स्टाफ के सदस्यों को राखी बांधी और उनका मुंह मीठा कराया। पुलिस कर्मियों ने भी बच्चों के इस स्नेहपूर्ण प्रयास की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व जनपद अध्यक्ष किरण मरकाम ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में त्योहारों के अवसर पर उनके प्रति सम्मान और अपनापन व्यक्त करना समाज का दायित्व है।
रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं आत्मीयता को और मजबूत करने का संदेश देता है। विद्यालय परिवार के इस आयोजन से बांगो थाना परिसर में उत्सव और भाई-बहन के स्नेह का माहौल नजर आया।
27 अगस्त / मंथन मित्तल





