* 6 जुआरी गिरफ्तार
* 10 बाइक सहित 6 मोबाइल और नकदी जब्त
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में अपराधों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत करतला पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए बड़मार जंगल में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से 6 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्यवाही के दौरान 5,350 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक तिरपाल, 6 मोबाइल फोन और 10 मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना करतला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़मार के जंगल में कुछ लोग जुए का फड़ लगाकर हार-जीत का दांव खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने कार्यवाही करते हुए छह लोगों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और नगदी बरामद की गई। साथ ही मौके पर खड़ी 10 मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जुआ, सट्टा, अवैध मादक द्रव्य पदार्थ, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
14 जुलाई / मंथन मित्तल



