कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत एनटीपीसी-जमनीपाली के धनरास राखड़ डेम में राखड़ सप्लाई के लिए उपयोग किए जाने वाले पुराने लोहे के 9 पाइप चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी गए पाइपों का वजन करीब 2500 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है।
मामले में पिकअप वाहन चालक के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता अभय कुमार सिंह के अनुसार, उनकी कंपनी रोशनी इंटरप्राइजेस को एनटीपीसी राखड़ डेम धनरास में क्षतिग्रस्त पाइप हटाकर नए पाइप लगाने तथा पुराने पाइपों को निकालकर स्टॉक करने का ठेका मिला है। पुराने उपयोग किए गए पाइपों को धनरास राखड़ डेम में स्टॉक किया गया था। शिकायत के मुताबिक 10 सितंबर को एनटीपीसी राखड़ डेम प्रबंधन से थाना कटघोरा में धारा 106 बीएनएसएस के तहत एक पिकअप वाहन से पुराने लोहे के पाइप जब्त किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद शिकायतकर्ता ने अपने स्टॉक की जांच की, जिसमें छोटे-बड़े कुल 9 पाइप गायब मिले।
थाना कटघोरा में खड़े पिकअप वाहन में लदे पाइपों को शिकायतकर्ता ने पहचान कर अपने स्टॉक का बताया। आरोप है कि 9 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे के बीच उक्त पाइपों को वाहन में ले जाकर चोरी किया गया। मामले में पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्यवाही शुरू की है।
12 सितंबर / मंथन मित्तल





