
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल अंतर्गत सीएसईबी प्लांट से लाखों-करोड़ों के कबाड़ और नहर से नगर निगम का लोहे का पुल चोरी करने की घटना हो चुकी है। अब बिजली वितरण कंपनी के परिसर से चोरों ने सीटीपीटी मीटरिंग यूनिट को ही पार कर दिया। सिविल लाइन पुलिस ने कर्मचारी की शिकायत पर चोरी का प्रकरण दर्ज किया है और जांच कर रही है।
सहायक अभियंता वितरण कंपनी कार्यालय के कर्मचारी सुमंत निराला के द्वारा इस बारे में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। बताया गया कि मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित इंस्टूमेंट ट्रांसफार्मर द्वारा निर्मित सीटीपीटी मीटरिंग यूनिट की चोरी पिछली रात को सीडीपीडीसीएल के स्थानीय कार्यालय परिसर से चोरी कर लिया गया। एक नग सेट मीटरिंग यूनिट की चोरी यहां से हुई है। शाम 7 बजे तक इसे परिसर में देखा गया जबकि अगली सुबह 10 बजे यह मौके से नदारद था। आशंका जताई गई कि रात्रि में अज्ञात आरोपियों ने इसे पार कर दिया है।
सहायक अभियंता कार्यालय के कर्मचारी के द्वारा इस बारे में वरिष्ठ अधिकारी को अवगत कराया गया। यहां-वहां निरीक्षण के बाद कुछ हासिल नहीं हुआ। अधिकारियों के निर्देश पर इस संबंध में सिविल लाइन पुलिस थाना में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसमें कहा गया कि कंपनी को 50 हजार से भी ज्यादा की चपत लगी है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अपने स्तर पर जांच शुरू की है। पूरे प्रकरण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं कि जब अवैध रूप से किसी भी व्यक्ति का प्रवेश इस क्षेत्र में निषेध है और सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं तो फिर आखिर रात्रि से लेकर सुबह के कुछ घंटों में किसकी एंट्री हुई और उसने दुस्साहसिक तरीके से इस घटना को कैसे अंजाम दिया। वितरण कंपनी के लिए चोरी का यह मामला सिरदर्द बन गया है। उसके द्वारा अपने स्तर पर भी मामले की जांच करने की बात कही गई है।
31 अक्टूबर / मंथन मित्तल





