कोरबा (मंथन) कोरबा पुलिस ने राह चलती युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में कथित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप हैं की उसने लगभग पांच महीने पहले रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, 30 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे प्रार्थिया काम से पैदल अपने घर लौट रही थी। बुधवारी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचने पर वहां अंधेरा था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक रेलवे लाइन की ओर से आया और युवती को हाथ-झापड़ से मारपीट करते हुए रेलवे पटरी की तरफ ले गया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन, जिसकी कीमतलगभग 15 हजार रुपये थी, छीन लिया और फरार हो गया।
घटना की शिकायत पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही पुलिस ने उसकी पहचान के लिए लगातार पतासाजी की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाला संदिग्ध आरोपी जैन मंदिर के पीछे बुधवार रेलवे किनारे बस्ती चौकी सीएसईबी में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसको पकड़ लिया। पूछताछ में उसने युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल लूटना स्वीकार किया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में बीएनएस की धारा 304(2), 115(2) और 309(6) के तहत कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्यवाही में सीएसईबी चौकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
10 अगस्त / मंथन मित्तल





