* उरगा-पत्थलगांव फोरलेन सड़क अगले साल मार्च तक बनेगी
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार जमीन अधिग्रहण में देरी की वजह से इकोनॉमिक कॉरिडोर की उरगा -पत्थलगांव फोरलेन सड़क अब मार्च 2027 तक बनेगी। जमीन नहीं मिलने से 7 महीने का एक्सटेंशन दे दिया गया है। पहले यह सड़क अगस्त 2026 तक बननी थी।
रायपुर से धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर की लंबाई 627 किलोमीटर है। छत्तीसगढ़ के हिस्से में 384 किलोमीटर और झारखंड के हिस्से में 243 किलोमीटर सड़क फोरलेन बन रही है। यह सड़क 3 चरणों में बन रही है। बिलासपुर से उरगा के बीच 70.02 किलोमीटर सड़क का निर्माण जून तक पूरा होना था। इसे भी दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। उरगा-पत्थलगांव फोरलेन सड़क की लंबाई 87.345 किलोमीटर है। इसकी लागत 1955 करोड रुपए है। इसका निर्माण अगस्त 2026 तक पूर्ण होना था। कोरबा जिले के हिस्से में कोई समस्या नहीं है। इसके आगे का हिस्सा रायगढ़ जिले में आता है। धरमजयगढ़ के पास 7 किलोमीटर सड़क का निर्माण जमीन अधिग्रहण में देरी की वजह से नहीं हो पाया है। इस सड़क के बनने से पत्थलगांव की दूरी 15 किलोमीटर कम हो जाएगी। अभी 102 किलोमीटर की दूरी पड़ती है।
इसके आगे पत्थलगांव से कुनकुरी 104.25 किलोमीटर सड़क का निर्माण भी अब शुरू होने वाला है। इसकी लागत 3150 करोड रुपए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सड़क की 1 नवंबर 2026 आधारशिला रख चुके हैं। वहां भी जमीन की समस्या के कारण काम शुरू नहीं हो पाया। इस सड़क के बनने में 3 साल का समय लगेगा। इसके बाद कोरबा से झारखंड की सीमा तक पहुंचने में सिर्फ ढाई घंटे का समय लगेगा। अभी 6 घंटे का समय लग रहा है।
* हाथियों के लिए 11 स्थानों पर बन रहा अंडरपास
इस सड़क पर हाथियों की आवाजाही होती है। इसके लिए भी 11 स्थानों पर अंडरपास का निर्माण कराया गया है। इससे हाथी हाईवे पर नहीं आएंगे। इसके लिए सड़क की ऊंचाई बढ़ाई गई है। करतला, कुदमुरा और कोरबा रेंज हाथी प्रभावित क्षेत्र है। वन विभाग में इसके लिए स्थल चिन्हित किया था, जहां अंडरपास बन रहा है।
* 87 किमी सड़क पर 6 मेजर पुल, 21 छोटे व 150 पुल-पुलिया
उरगा-पत्थलगांव के बीच 87 किमी में 6 बड़े पुल बन रहे हैं और 21 छोटे पुल हैं। इसके साथ ही 150 पुल-पुलिया भी है भी हैं। गांव के पास लोगों की आवाजाही के लिए अंडरपास भी बनाए जा रहे हैं। यह सड़क तौलीपाली के पास जिल्गा बरपाली होते हुए धरमजयगढ़ की ओर निकली है। कुदमुरा हाटी मार्ग छूट जाता है।
* कटघोरा-अंबिकापुर सड़क को फोरलेन बनाने बन रही डीपीआर
कटघोरा से अंबिकापुर की दूरी 138 किमी है। अभी टू-लेन सड़क है। इसे फोरलेन बनाने डीपीआर का काम शुरू हो गया है। दिसंबर तक इसकी मंजूरी मिल सकती है। इसके बाद जमीन अधिग्रहण और टेंडर की प्रक्रिया होगी।
* देश की पहली सड़क, जहां पर सांपों के गुजरने के लिए बन रही क्रॉसिंग
यह राष्ट्रीय राजमार्ग देश कि यह पहली फोरलेन सड़क है, जहां हर 500 मीटर में सांप के लिए पाइप डालकर क्रॉसिंग बनाई जा रही है। सांप के आराम करने के लिए प्लेटफॉर्म भी बन रहा है। इस क्षेत्र में दुर्लभ किंग कोबरा पाए जाते हैं। वन विभाग इसे संरक्षित कर रहा है।
* बिलासपुर-पत्थलगांव रोड पर मार्च 2027 तक आवाजाही हो जाएगी शुरू
पीडी एनएचएआई कोरबा अंकित आनंद इकोनॉमिक कॉरिडोर सड़क का काम तेजी से चल रहा है। धरमजयगढ़ में जमीन समय पर नहीं मिलने की वजह से देरी हुई है। अब मार्च 2027 तक बिलासपुर से पत्थलगांव के बीच आवाजाही शुरू हो जाए इसका प्रयास कर रहे हैं।
21 अगस्त / मंथन मित्तल





