कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत नशे में एक पति 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। उसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। करीब 6 घंटे तक समझाइश के बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आया। हालांकि, उसके टॉवर पर चढ़ने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
उसका नाम देव सिंह राठिया बताया जा रहा हैं की वह शादीशुदा और उसके दो बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना के समय युवक मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में था। दोपहर में वह अचानक ग्राम के पास लगे करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह टॉवर के सबसे ऊपर पहुंच गया। युवक को टॉवर पर चढ़ता देख उसकी पत्नी, बच्चे और ग्रामवासी नीचे से उसे उतरने के लिए समझाते रहे। वे लगातार आवाज लगाते रहे, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। वह कभी टॉवर के ऊपर जाता तो कभी थोड़ा नीचे आता और फिर ऊपर चढ़ जाता। उससे ऊपर चढ़ने का कारण पूछा गया, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया और टॉवर पर ही बैठा रहा।
* पुलिस और तहसीलदार ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही करतला थाना प्रभारी गणेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए तहसीलदार को भी बुलाया गया। हाईटेंशन लाइन में हजारों वोल्ट का करंट होने के कारण युवक की जान को खतरा था। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की टीम ने बेहद सावधानी से उसे नीचे उतरने के लिए समझाना शुरू किया।
* लगभग 6 घंटे बाद नीचे उतरने हुआ राजी
लगभग 6 घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। जैसे ही वह सुरक्षित नीचे उतरा, वहां मौजूद लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली। करतला थाना प्रभारी गणेश यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तहसीलदार के साथ मिलकर युवक को काफी देर तक समझाया गया। इसके बाद वह नीचे उतरने को राजी हुआ। उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने टॉवर पर चढ़ने का कदम क्यों उठाया।
13 सितंबर / मंथन मित्तल





