कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के एतमानगर रेंज अंतर्गत ग्राम बंजारी परिसर में मौजूद 19 हाथियों में से 18 हाथी जंगल के रास्ते गुरसिया परिसर के ग्राम ठाढ़पखना पहुंच गए, तो एक उत्पाती लोनर ने रिंगनिया का रूख कर लिया। रिंगनिया में अचानक पहुंचे लोनर हाथी ने यहां पहुंचते ही उत्पात मचाना शुरू कर दिया है।
हाथी एक ग्रामीण के खेत में पहुंचे और वहां लगे धान की फसल को बुरी तरह तहस-नहस कर दिया। जिससे ग्रामीण को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। जबकि ठाढ़पखना में आए हाथियों के दल ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। गुरसिया परिसर प्रभारी टीआर कुर्रे ने बताया कि बड़ी संख्या में हाथियों के पहुंचने से वन विभाग सतर्क हो गया है।
ठाढ़पखना व आसपास के ग्रामो में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क करने का अभियान शुरू कर दिया गया है। ग्रामीणों को बड़ी संख्या में हाथियों के जंगल में आने की जानकारी देते हुए उनसे दूरी बनाए रखने को कहा जा रहा है।
ज्ञात रहे हाथियों का यह दल बंजारी परिसर में घूम रहा था। इसी दौरान कुछ कर्मचारी टॉवर के नीचे कार्य कर रहे थे, तभी हाथियों के दल के वहां पहुंच जाने से अफरा-तफरी मच गई थी। कर्मियों ने किसी तरह टॉवर पर चढक़र अपनी जान बचाई थी। बाद में हाथियों के टॉवर के समीप पहुंचने तथा कर्मियों के टॉवर में चढ़े होने की जानकारी मिलने पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी हाथी मित्र दल के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और हाथियों को खदेडऩे के बाद टॉवर में चढ़े कर्मचारियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
13 सितंबर / मंथन मित्तल





