कोरबा (मंथन) कोरबा शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच जहां अधिकांश लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए, वहीं कोरबा यातायात पुलिस विभाग के जवान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सड़कों पर डटे रहे। खराब मौसम और लगातार बरसते पानी के बावजूद यातायात पुलिसकर्मी प्रमुख चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुटे रहे।
बारिश के बीच छाता लेकर और कई स्थानों पर पूरी तरह भीगते हुए भी यातायात पुलिसकर्मी ने वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया तथा जाम की स्थिति बनने नहीं दी। उनका समर्पण इस बात का प्रमाण है कि मौसम चाहे कैसा भी हो, कानून-व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है।
यातायात पुलिस विभाग ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने का आग्रह भी किया गया है।
02 जुलाई / मंथन मित्तल



