कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में सार्वजनिक परिवहन की समस्या को देखते हुए विधायक फूलसिंह राठिया ने कलेक्टर को पत्र लिखकर दो प्रमुख मार्गों पर इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
विधायक ने कहा है कि इन मार्गों पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, ग्रामीण, किसान, दैनिक मजदूर और कर्मचारी आवागमन करते हैं। नियमित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि नकटीखार-गोढ़ी-बेंदरकोना-करमंदी-भैसमा-तिलकेजा-तुमान-लबेद मार्ग तथा कोरबा-उरगा-भैसमा-करतला-कुदमुरा-हाटी मार्ग पर बड़ी संख्या में लोग रोजाना आवागमन करते हैं। वर्तमान में इन क्षेत्रों के लिए सुव्यवस्थित सिटी बस सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों सहित ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक राठिया ने कलेक्टर से इन दोनों मार्गों पर नियमित इलेक्ट्रिक सिटी बसों का परिचालन शुरू कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसान, मजदूर और कर्मचारी भी सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से आवागमन कर सकेंगे। विधायक ने पत्र में जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर यथाशीघ्र इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा प्रारंभ कराने का आग्रह किया है।
04 सितंबर / मंथन मित्तल





