कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि एवं ब्लॉक अध्यक्ष (युवा कांग्रेस ग्रामीण) जयकिशन पटेल ने ग्राम पंचायत सकदुकला में स्वीकृत सी.सी. रोड का निर्माण शुरू नहीं होने का आरोप लगा कलेक्टर से शिकायत की है।
शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया गया हैं कि जिला खनिज न्यास संस्थान (डीएमएफ) मद से वित्तीय वर्ष 2024-25 में ग्राम पंचायत सकदुकला के आश्रित ग्राम भेलवाटार में सी.सी. रोड निर्माण (भाग-2) के लिए 12 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। इसके लिए पंचायत को 40 प्रतिशत अग्रिम राशि के रूप में 4 लाख 80 हजार रुपये भी जारी कर दिए गए, बावजूद इसके आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
सड़क नहीं बनने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। बताया गया कि जनपद पंचायत कोरबा द्वारा ग्राम पंचायत को कई बार कार्य प्रारंभ करने के लिए नोटिस भी जारी किया जा चुका है, लेकिन पंचायत द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई।
जयकिशन पटेल ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले की जांच कर तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराया जाए। यदि कार्य शुरू नहीं हो पाता है तो पंचायत को दी गई अग्रिम राशि की वसूली की जाए, ताकि शासकीय राशि का दुरुपयोग रोका जा सके और ग्रामीणों को जल्द सड़क की सुविधा मिल सके।
31 अगस्त / मंथन मित्तल





