कोरबा (मंथन ) कोयला उद्योग में अगले चरण के औद्योगिक संबंधों और वेतन समझौते की दिशा को लेकर 2 सितंबर को आहूत अपैक्स जेसीसी की बैठक पर कर्मचारियों और ट्रेड यूनियनों की निगाहें टिक गई हैं। कोल इंडिया लिमिटेड मुख्यालय के न्यू टाउन स्थित कोल भवन में सुबह 11:30 बजे होने वाली इस बैठक में लेबर कोड के क्रियान्वयन की प्रगति के साथ जेबीसीसीआई-12 के गठन का मुद्दा भी महत्वपूर्ण चर्चा का विषय बन सकता है।
बैठक को लेकर 27 अगस्त को कोल इंडिया के महाप्रबंधक (मानव संसाधन/औद्योगिक संबंध) दुर्गा प्रसाद सामल ने आधिकारिक सूचना जारी की है। निर्धारित एजेंडे में कोल इंडिया में लेबर कोड्स लागू करने की वर्तमान स्थिति और आगे की कार्ययोजना को प्रमुखता दी गई है। इसके अलावा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जा सकेगी। कोयला कर्मचारियों के लिए जेबीसीसीआई का गठन बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इसी मंच के माध्यम से प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच वेतन एवं सेवा शर्तों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत आगे बढ़ती है। ऐसे में अपैक्स जेसीसी की बैठक में जेबीसीसीआई-12 के गठन को लेकर चर्चा होने की संभावना ने बैठक का महत्व बढ़ा दिया है। हाल के दिनों में यूनियन नेताओं की ओर से भी इस दिशा में संकेत दिए गए हैं। यदि बैठक में इस मुद्दे पर सकारात्मक चर्चा आगे बढ़ती है तो आने वाले समय में कोयला उद्योग में वेतन समझौते और औद्योगिक संबंधों से जुड़ी प्रक्रिया को गति मिल सकती है।
30 अगस्त /मंथन मित्तल





