* घायलों का इलाज जारी
कोरबा (मंथन) कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत संचालित प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार कंपनी के आईएफडी स्थित 15 टन ओल्ड शेड में फर्नेस क्रमांक D-1 के पंचर हो जाने से वहां काम कर रहे तीन ठेका मजदूर झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हादसे के बाद घायल तीनों मजदूरों को तत्काल संयंत्र के व्यवसायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कंपनी की एंबुलेंस से जवाहरलाल नेहरू अस्पताल, सेक्टर-9, भिलाई रेफर किया गया।
घायल मजदूरों की पहचान गेंद राम पटेल, नर्मदा प्रसाद पटेल (दोनों निवासी पलारी खुर्द) और पंचराम यादव (निवासी चांपा) के रूप में की गयी हैं। तीनों एक निजी ठेका कंपनी के अधीन ठेका श्रमिक के रूप में पेंचिंग बारी मेन के पद पर कार्यरत थे। वहीं कंपनी प्रबंधन ने घटना की सूचना चांपा थाना प्रभारी को दे दी है। पत्र में बताया गया है कि फर्नेस क्रमांक D-1 के पंचर होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें तीनों श्रमिक बर्न इंजरी का शिकार हो गए।
फिलहाल, घटना की सूचना मिलने के बाद चांपा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
24 जुलाई / मंथन मित्तल



