* पुलिस ने की कार्यवाही
* बाइक जब्त कर मंगवाई सार्वजनिक माफी
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा के पास सड़क रोककर हंगामा करने, तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइक चलाने और स्टंट कर सावन महीने के दौरान कनकी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशान करने वाले बाइकर्स गैंग पर पुलिस ने सख्त कार्यवाही की है। उक्त मामले में सात युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी युवक कोरबा शहर के निवासी हैं। बाइकर्स गैंग के इस गिरोह ने मंदिर मार्ग पर उत्पात मचाते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी किया था। वायरल वीडियो में युवक श्रद्धालुओं की सुरक्षा में बाधा डालते और सड़क जाम कर स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और सभी की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
* सात बाइक जब्त
जानकारी के अनुसार पुलिस ने मौके से सात बाइक को जब्त किया है। पकड़े गए युवकों में कुछ नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अतिरिक्त, 8 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई। नाबालिगों को समझाकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि अन्य को सिटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। जमानत न मिलने पर उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने युवकों से सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी मंगवाई। युवकों ने लिखित और मौखिक रूप रूप से भविष्य में ऐसी हरकतें न करने और श्रद्धालुओं को परेशान न करने का आश्वासन दिया।
* कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी आगे भी कार्यवाही-सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि सावन माह में कनकी धाम में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे समय में सड़क अवरुद्ध कर हुड़दंग मचाना और कानून व्यवस्था बिगाड़ना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी।
06 अगस्त / मंथन मित्तल



