* भाकपा जिला सचिव ने तत्काल मरम्मत और जिलेभर के शासकीय भवनों की सुरक्षा जांच की करी मांग
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत भदरापारा स्थित शासकीय क्लीनिक की जर्जर स्थिति को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने चिंता जताई है। भाकपा के जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने प्रेस बयान जारी कर आरोप लगाया कि क्लीनिक की छत और दीवारों का प्लास्टर काफी जर्जर हो चुका है, जिससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
पवन कुमार वर्मा ने कहा कि क्लीनिक में कार्यरत स्टाफ के अनुसार भवन की स्थिति को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में प्रभावी पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
उन्होंने शासकीय भवनों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अक्सर गरीबों के विद्यालय, चिकित्सालय, पुल और सडक़ें ही जर्जर अवस्था में क्यों पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि संसद जैसे महत्वपूर्ण भवनों के लिए समय रहते व्यवस्था की जाती है, तो फिर स्कूल और अस्पतालों के असुरक्षित होने के बाद कार्रवाई का इंतजार क्यों किया जाता है। भाकपा जिला सचिव ने कहा कि यदि समय रहते भवन की समस्या का समाधान नहीं किया गया और कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
भाकपा ने प्रशासन से भदरापारा सरकारी क्लीनिक की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। इसके साथ ही जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, क्लीनिकों और स्कूल भवनों की सुरक्षा जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कर उन्हें सुरक्षित बनाने की मांग रखी गई है।
28 सितंबर / मंथन मित्तल





