* किताबों से निकल कर अडानी पॉवर प्लांट पहुँचे हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा के छात्र-छात्राएं
* छात्र-छात्राओं ने प्लांट भ्रमण कर प्रत्यक्ष देखी बिजली उत्पादन की प्रक्रिया
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के वनांचल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा, विकासखण्ड पोड़ी-उपरोड़ा के छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास हेतु प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में 26 अक्टूबर को अडानी कोरबा पॉवर प्लांट पताड़ी उरगा में “उड़ान प्रोजेक्ट” के तहत एक दिवसीय औद्योगिक शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया।
हायर सेकेंडरी स्कूल सिमगा के विद्यार्थियों को अडानी पॉवर प्लांट के शैक्षणिक औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कक्षा की चारदीवारी और किताबों से बाहर निकल कर विज्ञान और तकनीक के व्यवहारिक पक्ष को समझने का अवसर मिला। भ्रमण के दौरान प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने छात्र-छात्राओं को बताया कि विद्यालय में पढ़े गये ऊर्जा और विज्ञान के सिद्धांत वास्तविक जीवन में कैसे काम करते हैं।
अडानी पॉवर प्लांट के “उड़ान प्रोजेक्ट” के भ्रमण प्रभारी अधिकारी प्रेम शंकर साहू ने छात्र-छात्राओं की जिज्ञासा का समाधान कर बताया कि बिजली उत्पादन की आधुनिक तकनीक और कार्यप्रणाली कैसे काम करती हैं। छात्र-छात्राओं ने संयंत्र की विशाल मशीनरी, पाइपलाइन, कंट्रोल रूम, अत्याधुनिक कोल हैंडलिंग प्रणाली का अवलोकन किया।
प्लांट भ्रमण के दौरान सभी विद्यार्थियों को औद्योगिक परिसर में अपनाए जाने वाले सुरक्षा मानकों, नियमों के पालन, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, टीमवर्क और अनुशासन के महत्व से भी परिचित कराया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने इस पहल के लिए अडानी फाउंडेशन और संयंत्र प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस तरह के औद्योगिक शैक्षणिक एक्सपोजर विजिट से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के मन में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती हैं और भविष्य में उर्जा, तकनीकी व इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कैरियर बनाने की नई राहें खुलती हैं। भ्रमण कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ संस्था के व्याख्याता सुश्री दिव्या कुजूर, श्रीमती रुक्मणी पुरैना, उमाशंकर टोंडें सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
27 अक्टूबर / मंथन मित्तल





