* पकड़ाए डुप्लीकेट चाबी बनवाते समय
* 2 नाबालिग भी शामिल
कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में स्पोर्ट्स बाइक चोरी का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके दो नाबालिग साथियों को पकड़ा है।
आरोपियों के कब्जे से चोरी की पल्सर RS 200 और एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महंगी बाइक चलाने के शौक में चोरी की योजना बनाई थी।
प्रार्थी ने बांकीमोंगरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 5 सितंबर की रात करीब 10 बजे अपनी पल्सर RS 200 दुकान के सामने लॉक करके खड़ी की थी। सुबह करीब 7 बजे बाइक गायब मिली, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को घटना का अहम सुराग टी.पी. नगर की एक चाबी दुकान से मिला। पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपी उसी बाइक की डुप्लीकेट चाबी बनवाने वहां पहुंचे थे। इत्तफाक से जिस बाइक की चाबी बनवाने आरोपी पहुंचे थे, उसी बाइक के मालिक का रिश्तेदार भी टी.पी. नगर में डुप्लीकेट चाबी बनाने का काम करता है। दुकानदार को आरोपियों पर शक हुआ तो उसने चुपचाप डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों को पकड़ लिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी निवासी भिलाईबाजार, थाना हरदीबाजार को गवाहों की मौजूदगी में पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर पल्सर RS 200 को बांकीमोंगरा और एक्टिवा स्कूटी को कुसमुंडा क्षेत्र से चोरी करने की बात बताई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें महंगी स्पोर्ट्स बाइक चलाने का शौक था, लेकिन उनके पास बाइक खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। इसी वजह से उन्होंने चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड, कोरबा के समक्ष पेश करने की कार्यवाही की जा रही है। बांकीमोंगरा पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी रखी है।
09 सितंबर / मंथन मित्तल





