* ग्राम पोड़ी से कटघोरा और चकचकवा सड़क मार्ग तक सड़क पर लगभग 300 से अधिक मवेशी
* आए दिन दुर्घटनाओं से वाहन चालक भी परेशान
कोरबा (मंथन) राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर मवेशियों का जमावड़ा लगातार गंभीर समस्या बनता जा रहा है। ग्राम पोड़ी से कटघोरा होते हुए चकचकवा तक सड़क पर जगह-जगह बड़ी संख्या में मवेशी बैठे और घूमते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर लगभग 300 से अधिक मवेशी सड़क पर डेरा जमाए रहते हैं। खासकर शाम होते ही राजमार्ग पर इनकी संख्या बढ़ जाती है।
सड़क पर मवेशियों के बैठे रहने से आए दिन वाहन दुर्घटनाएं होने की स्थिति बनती रहती है। अचानक सड़क पर मवेशियों के आ जाने से वाहन चालक उन्हें बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाते हैं या वाहन को दूसरी दिशा में मोड़ते हैं। इससे कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में जहां वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में रहती है, वहीं कई बेजुबान मवेशी भी वाहनों की चपेट में आकर घायल होने के साथ अपनी जान गंवा चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भोजन और पानी की तलाश में वे मवेशी राजमार्ग तक पहुंच जाते हैं और शाम होते ही सड़क पर डेरा जमा लेते हैं। पालकों की यह लापरवाही वाहन चालकों के साथ-साथ बेजुबान मवेशियों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है।
नागरिकों ने मांग की है कि खुले में मवेशी छोड़ने वाले पालकों की पहचान कर उनकी जिम्मेदारी तय की जाए और नियमानुसार कार्यवाही की जाए। उनका कहना है कि केवल सड़क से मवेशियों को हटाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। जब तक मवेशियों को खुले में छोड़ने वाले पालकों पर कार्यवाही नहीं होगी, तब तक राजमार्ग पर यह समस्या बनी रहेगी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और संबंधित निकाय से तत्काल अभियान चलाकर राष्ट्रीय राजमार्ग को मवेशियों के जमावड़े से मुक्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ बेजुबान मवेशियों की जान भी बचाई जा सके।
03 सितंबर / मंथन मित्तल





