कोरबा (मंथन) कोरबा शहर कोतवाली पुलिस ने कबाड़ की एक गाड़ी की तलाशी के दौरान एक पुरानी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि कबाड़ से भरी एक गाड़ी में हथियार और कारतूस रखे गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कबाड़ के सामान के बीच पिस्टल और पांच जिंदा राउंड मिले। पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है। मामले में कथित आरोपी पर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं कबाड़ के सामान को लेकर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्यवाही की गई है।
फिलहाल पुलिस बरामद हथियार की जांच के साथ यह पता लगाने में लगी है कि उसका इस्तेमाल पहले किसी अपराध में हुआ है या नहीं। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ हथियार और कारतूस के स्रोत को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
23 अगस्त / मंथन मित्तल





