* झुंड से अलग एक दंतैल हाथी घुसा ग्रामीण इलाके में
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा वनमंडल के जल्के-तनेरा क्षेत्र में इन दिनों करीब 20 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार इसी बीच झुंड से अलग हुआ एक दंतैल हाथी ग्रामीण इलाके की ओर पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार बारिश के बीच हाथियों की आवाजाही ने ग्रामीणों के लिए परेशानी बढ़ा दी है। क्षेत्र में एक ओर लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है, वहीं दूसरी ओर बिजली की समस्या से भी लोगों को जूझना पड़ रहा है। ऐसे में हाथियों की दस्तक ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दी जा रही है।
वनकर्मियों की टीमें क्षेत्र में गश्त कर हाथियों के झुंड और अलग हुए दंतैल हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को जंगल अथवा हाथियों के संभावित विचरण वाले क्षेत्रों की ओर नहीं जाने और हाथियों को देखने या उनका पीछा करने से बचने की सलाह दी गई है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की जानकारी मिलने पर सुरक्षित स्थान पर रहें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
18 अगस्त / मंथन मित्तल





