* प्रशासन पर लगाए संगीन आरोप
* मिनीमाता बांगो बांध के खोले गए 7 गेट
कोरबा (मंथन) मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में पानी की भारी आवक के बाद 7 गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे तटीय इलाकों में स्थिति बिगड़ने लगी है। इसी कड़ी में अंचल के सीतामढ़ी क्षेत्र के तटीय क्षेत्रों में स्थित लगभग 10 से 15 मकानों में नदी का पानी घुस गया है, जिससे लोग अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने को मजबूर हैं।
* बांध से छोड़ा जा रहा 27,786 क्यूसेक पानी
कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने जानकारी देते हुए बताया की 15 अगस्त की सुबह बांध का जलस्तर 358.60 मीटर (93.65%) पहुंच गया था। बाढ़ को नियंत्रित करने के लिए बांध के गेट नंबर 3 और 9 को 0.40 मीटर तथा गेट नंबर 4, 5, 6, 7 और 8 को 0.50 मीटर तक खोला गया है। इन 7 गेटों से 18,786 क्यूसेक और पावर प्लांट हाइडल से 9,000 क्यूसेक मिलाकर कुल 27,786 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में बहाया जा रहा है।
* स्थानीय निवासियों ने लगाए संगीन आरोप
स्थानीय निवासियों ने संगीन आरोप लगाते हुए कहा की बिना मुनादी पानी छोड़ा जा रहा हैं, क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नदी का जलस्तर बढ़ाने से पहले तटीय इलाकों में प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की मुनादी या सूचना नहीं दी गई। प्रभावितों का कहना है कि घरों में पानी भरने के बाद भी अब तक प्रशासन का कोई प्रतिनिधि उनका हाल जानने या राहत सामग्री मुहैया कराने नहीं पहुंचा है।
* लगातार बारिश से बिगड़े हालात
15 अगस्त की रात हुई भारी बारिश के बाद भी कोरबा में लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा और अधिक बढ़ गया है।
16 अगस्त / मंथन मित्तल





