* सीसीटीवी फुटेज की मदद से दुकान चोरी का हुआ खुलासा
* मुख्य आरोपी सहित पकड़े गए 02 विधि से संघर्षरत बालक
* चोरी में प्रयुक्त सरिया एवं स्कूटी बरामद
कोरबा (मंथन) कोरबा -चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम बरपाली स्थित दुकान में चोरी की घटना घटित हुई थी। सुबह दुकान खोलने पर शटर का ताला टूटा हुआ मिला तथा दुकान में रखी नगदी चोरी होना पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 449/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
* सीसीटीवी फुटेज से मिला महत्वपूर्ण सुराग
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुरागों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें पकड़ा गया।
* बिलासपुर से लौटते समय बनाई चोरी की योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि वे बिलासपुर गए थे और वहां से वापस लौटते समय दुकान का शटर बंद होने तथा शटर एवं जमीन के बीच गैप दिखाई देने पर चोरी करने की योजना बनाई।
इसके बाद आरोपीगण मड़वारानी के पास से सरिया लेकर आए और उसी सरिया की सहायता से दुकान का शटर उठाकर अंदर प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त लोहे की सरिया, घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं चोरी की गई नगद 9000 रुपए बरामद की गई है। मुख्य आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
10 अगस्त / मंथन मित्तल





