* सर्वमंगला तरदा-भिलाईखुर्द के बीच बनेगा पुल
* कुदुरमाल पुल बनाने शासन से नहीं मिली मंजूरी
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार उरगा-बलौदा, सीपत स्टेट हाईवे पर हसदेव नदी कुदुरमाल पुल को क्षतिग्रस्त होने पर 7 महीने पहले बंद कर दिया गया है। इस वजह से भारी वाहनों का दबाव शहर में बढ़ गया है। नया पुल बनाने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी नहीं मिली। सर्वमंगला तरदा मार्ग से भिलाई खुर्द के बीच 50 करोड़ की लागत से नया पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसका टेंडर भी जारी हो गया है। इसके साथ ही सर्वमंगला से पुरानी बस्ती के बीच 13 करोड़ की लागत से लो हाइट पुल भी बनेगा।
पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण ने दोनों ही कार्यों के लिए टेंडर भी जारी कर दिया है। मानसून सीजन के बीच टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद काम शुरू किया जाएगा। इससे भारी वाहनों का दबाव शहर पर नहीं रहेगा। इसके साथ ही कोरबा और पश्चिम क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी। पुल की लंबाई 1320 मीटर है। राज्य शासन ने इसके लिए 51 करोड़ 63 लाख 70 हजार रुपए की प्रशासकीय मंजूरी पहले ही दे चुकी है। इसका निर्माण रेलवे पुल के समानांतर होगा। कुसमुंडा, गेवरा, दीपका कोयला खदान से चांपा की ओर जाने वाले भारी वाहन सीधे आवाजाही कर सकेंगे।
सर्वमंगला के पास लो हाइट पुल की मंजूरी भी मुख्यमंत्री दे चुके हैं। पुल के बनने के बाद पुरानी बस्ती में सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा। इसकी भी मंजूरी मिल चुकी है। कोरबा शहर जाने वाले लोगों को रेलवे फाटक या ओवरब्रिज होकर जाना नहीं पड़ेगा। कुदुरमाल पुल 41 साल पुराना है। 1 दिसंबर 2025 को पुल पर 8 इंच का हिस्सा धंसने से सेतु निर्माण ने आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया था, और कोई दूसरा वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से भारी वाहन रिंग रोड और शहर के बीच टी.पी. नगर से होकर आवाजाही कर रहे हैं।
* उरगा की दूरी भी कम हो जाएगी 5 किमी
सर्वमंगला की ओर से कुदुरमाल होते हुए उरगा जाने पर दूरी 12 किलोमीटर पड़ती है। लेकिन भिलाई खुर्द में पुल बनने के बाद उरगा की दूरी 7 किमी रह जाएगी। यह सड़क रिंग रोड को भी जोड़ती है। इस वजह से बालको जाने के लिए भी लोगों को सुविधा होगी।
* दर्री, जमनीपाली के लोगों को भी मिलेगा फायदा
दर्री बराज से बरमपुर नहर रोड के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद वर्क ऑर्डर जारी हो गया है। अहिरन नदी पर पुल भी बनेगा। 83 करोड़ की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। यह सड़क इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की सर्वमंगला-कुसमुंडा रोड से जुड़ेगी। इस क्षेत्र के लोग भी पुल से भिलाईखुर्द की ओर आ-जा सकेंगे।
* पुल के दोनों ओर होगी 1274 मीटर एप्रोच रोड
हसदेव नदी पर प्रस्तावित पुल के लिए दोनों ओर 1274 मीटर एप्रोच रोड बनेगी। यहां जटराज के लोगों के लिए पुनर्वास स्थल बन रहा है, उसके किनारे पोखरी के बाजू से सड़क बनेगी। यह भिलाईखुर्द बस्ती के पहले मुख्य मार्ग पर जाकर मिलेगी। गौ माता चौक से उरगा के बीच फोरलेन सड़क बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है।
* कुदुरमाल पुल बनाने फंड देने से इंकार
भारतमाला की तर्ज पर बिलासपुर, सीपत, उरगा, हाटी, धरमजयगढ़, पत्थलगांव रायगढ़ को जोड़ने एक्सप्रेसवे बनेगा। पीडब्ल्यूडी बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसका सर्वे होना बाकी है। इसी वजह से कुदुरमाल पुल के लिए शासन ने फंड देने से इंकार कर दिया।
13 जुलाई / मंथन मित्तल



