* महिलाएं और बच्चे करेंगे सामूहिक योगाभ्यास
कोरबा (मंथन) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोरबा महिला पत्रकार समूह द्वारा शहर में एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 21 जून को सुबह 6 बजे से निहारिका स्थित पुष्पलता गार्डन में होगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं और बच्चे शामिल होकर योगाभ्यास करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
कोरबा प्रेस क्लब से जुड़ी महिला पत्रकारों की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी। आयोजकों का कहना है कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अनियमित दिनचर्या और व्यस्त जीवनशैली के कारण लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में योग एक ऐसा प्रभावी माध्यम है, जो शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। इसी सोच के साथ महिलाओं और बच्चों को एक मंच पर जोड़कर योग के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की भागीदारी पर जोर दिया गया है, ताकि कम उम्र से ही योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा मिल सके। आयोजकों का मानना है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित, स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। महिला पत्रकार समूह द्वारा शहर की सभी महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने अपील की है। आयोजन में भाग लेने के लिए निःशुल्क पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, जिससे हर वर्ग के लोग योग दिवस के इस विशेष आयोजन का हिस्सा बन सकें।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, सामंजस्य और खुशहाली का संदेश देने के साथ-साथ समाज में योग के महत्व को और अधिक मजबूत करने का प्रयास करेगा। कोरबा महिला पत्रकार समूह की यह पहल महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
20 जून / मंथन मित्तल



