* 30 हजार लूटकर फरार
* पास्को एक्ट सहित कई धाराओं में जुर्म दर्ज
कोरबा (मंथन) कोरबा के सीएसईबी चौकी क्षेत्र के कोहड़िया क्षेत्र में एक 12 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़, मारपीट और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा हैं की कथित आरोपी युवक पीड़िता का रिश्तेदार है, जिसने नकली गन दिखाकर नाबालिग को डराया, उसके साथ छेड़छाड़ की और 30 हजार रूपए लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में पास्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार कथित आरोपी युवक बिलासपुर से कोरबा आया था। वह पीड़िता के पिता से जमीन के सौदे और पैसों के लेनदेन के संबंध में मिलने पहुंचा था। इस दौरान उसके साथ दो अन्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। बताया गया कि बातचीत के दौरान कथित आरोपी और पीड़िता के पिता कोहड़िया क्षेत्र के पास सड़क किनारे जंगल में बैठकर मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर कथित आरोपी ने पीड़िता के पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गया। पिता की चीख-पुकार सुनकर 12 वर्षीय नाबालिग बेटी मौके पर पहुंची। आरोप है कि उसने उसे नकली गन दिखाकर उसे डराया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने नाबालिग के साथ मारपीट भी की।
पीड़िता ने आरोप लगाते हुए बताया की मारपीट के दौरान उसने उसके बैग में रखे 30 हजार रूपए भी छीन लिए। यह रकम उसके पिता की थी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सीएसईबी चौकी पुलिस ने पीड़िता और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। इसके बाद नाबालिग को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में छेड़छाड़ और मारपीट की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया गया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जांच में कथित आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार पाया गया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ पास्को एक्ट, लूट, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कथित आरोपी और उसके दो साथियों की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
21 जून / मंथन मित्तल



