कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र की अयोध्यापुरी बस्ती में निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा एक मजदूर हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। 33केवी लाइन से करंट लगने के बाद मजदूर बुरी तरह झुलस गया और छत से नीचे गिर गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार अयोध्यापुरी बस्ती में घर निर्माण का काम चल रहा है। इसी कार्य में लगा एक मजदूर मकान की ऊपरी मंजिल पर राजमिस्त्री का काम कर रहा था। मकान के ठीक ऊपर से 33केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। काम करने के दौरान मजदूर का हाथ या उसके पास मौजूद औजार अचानक बिजली के तार से छू गया। तार के संपर्क में आते ही उसे तेज करंट लगा और वह बुरी तरह झुलस गया। करंट लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल मजदूर को चिकित्सालय पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल घटना की सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दे दी गई है। दोनों विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
24 सितंबर / मंथन मित्तल





