* ग्रामीणों ने किया सड़क जाम का प्रयास
* विधायक भी पहुंचे
कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम के दीपका-हरदीबाजार मार्ग पर एक ट्रैलर ने सड़क पार कर रही तीन मवेशी को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों मवेशी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद मवेशी मालिक और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, जिसके चलते उन्होंने सड़क जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
उक्त घटना ग्राम सरायसिंगर निवासी ग्रामीण की मवेशियों के साथ हुई। उनकी तीनों मवेशी दीपका-हरदीबाजार मार्ग पर चरने के बाद घर लौट रही थीं, तभी एक ट्रैलर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की तत्काल मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ग्रामीण को इस घटना से बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है, क्योंकि उनकी तीनों मवेशी ही उनकी कमाई का मुख्य जरिया थीं। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, मवेशी मालिक और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सड़क पर बैठकर जाम लगाने की कोशिश की और प्रशासन से मुआवजे की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते पर भारी वाहनों की रफ्तार पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिसकी वजह से ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक प्रेमचंद पटेल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मवेशी मालिक से मुलाकात की और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग करने का आश्वासन दिया। हरदी बाजार थाना पुलिस ने भी तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को बताया कि दोषी ट्रैलर चालक के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी और मुआवजे के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ।
20 जून / मंथन मित्तल



