कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत जनपद पंचायत पाली के ग्राम पंचायत बांधाखार की सरपंच सुश्री प्रिंसी तानू सिंह मरावी का चयन राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार समारोह के लिए किया गया है। यह प्रतिष्ठित समारोह आगामी 03 जून 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
छत्तीसगढ़ पंचायत संचालनालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक प्रदेश के 8 जिलों से 16 जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को इस राष्ट्रीय समारोह के लिए नामांकित किया गया है। खास बात यह है कि कोरबा जिले से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में सरपंच प्रिंसी मरावी को चुना गया है।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत बांधाखार ने स्वच्छता, जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। पंचायत द्वारा किए गए नवाचार और विकास मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है।
इस अवसर पर सरपंच प्रिंसी मरावी ने कहा कि “यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि पूरे बांधाखार ग्रामवासियों की मेहनत और सहभागिता का परिणाम है। दिल्ली में छत्तीसगढ़ और कोरबा का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व की बात है।”
03 जून को नई दिल्ली में सम्मान समारोह होगा। भारत मंडपम में राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित होगा। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से 16 प्रतिनिधियों का चयन हुआ हैं, जिसमे कोरबा जिले से अकेली प्रिंसी मरावी प्रतिनिधि बनीं।
21 मई / मंथन मित्तल



