* डीजे बंद कराने/ध्वनि कम करने की समझाइश के दौरान पुलिसकर्मी से गाली-गलौज करने का आरोप
* प्रशिक्षु उपनिरीक्षक के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में अपराध दर्ज
* थाना उरगा पुलिस ने गिरफ्तार कर की वैधानिक कार्यवाही
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था एवं निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित करने हेतु कोरबा पुलिस द्वारा लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। जानकारी के अनुसार इसी क्रम में कोरबा -चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग थाना उरगा क्षेत्रांतर्गत ग्राम आमपाली मुख्य मार्ग पर गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस पार्टी द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार डीजे बंद करने अथवा ध्वनि कम करने हेतु समझाइश दी जा रही थी।
* पुलिस पार्टी के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज का आरोप
इसी दौरान कथित आरोपी द्वारा पुलिस पार्टी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप हैं आरोप हैं की प्रशिक्षु उपनिरीक्षक के साथ गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। उक्त कृत्य के संबंध में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 522/2026, धारा 221, 296 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
* गिरफ्तार कर की गयी वैधानिक कार्यवाही
थाना उरगा पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए कथित आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई। गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर डीजे बजाए जाने के संबंध में संबंधित डीजे संचालक के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के अंतर्गत पृथक से वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों एवं ध्वनि मानकों का पालन करें। पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। शासकीय कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार अथवा कानून का उल्लंघन करने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
23 सितंबर / मंथन मित्तल





