* दुर्घटना की बनी हुई हैं आशंका
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल अंतर्गत एक माल वाहक की ठोकर से क्षतिग्रस्त हुआ ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे का यातायात सिग्नल पोल अब तक नहीं बन सका है। इसके कारण यहां की सिग्नल व्यवस्था निष्क्रिय हो गई। अब मौके पर आवाजाही करने वाला वर्ग मनमानी पर उतारू है, जिससे दुर्घटना की आशंका को मजबूती मिल रही है।
उल्लेखनीय हैं की पिछले पखवाड़े मध्यरात्रि को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित पुलिस सहायता केंद्र के सामने लगे यातायात सिग्नल पोल को मल्टी व्हीकल ने ठोकर मारकर उखाड़ दिया था। गनीमत यह रही कि उस समय कोई और गाड़ी या व्यक्ति की मौजूदगी रास्ते पर नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लेकिन सिग्नल पोल के गिरने से तीन और दिशा में लगाए गए सिग्नल ने काम करना बंद कर दिया। तब से अब तक इस चौराहे की व्यवस्था किसी प्रकार चल रही है। दिन में कुछ घंटे यातायात पुलिस के जवान यहां पर मोर्चा संभालते हैं जबकि पहले से ही दोपहर 12 से 4 बजे तक के लिए यातायात सिग्नल को बंद किया गया था। वर्तमान स्थिति में सिग्नल बचे ही नहीं है और इसका पूरा फायदा लोग मनमाने तरीके से यहां से आना-जाना करने में ले रहे हैं। इस दौरान लोगों को इस बात से मतलब नहीं रहता की लापरवाही करने से गाडिय़ां आपस में टकरा सकती हैं और फिर इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती हैं। दिन या रात कभी भी ऐसे नजारे पेश आ सकते हैं लेकिन किसी को इससे मतलब नहीं रह गया है। सडक़ सुरक्षा जागरूकता को लेकर जब कई प्रकार की बातें की जा रही है तब ट्रांसपोर्ट नगर रेलवे फाटक से लगे इस चौराहे की व्यवस्था को ठीक करना जरूरी हो गया है।
21 मई / मंथन मित्तल



