कोरबा (मंथन) सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना गेवरा कोयला खदान में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने गेवरा खदान में अवैध प्रवेश के खिलाफ सख्त कार्यवाही की। जानकारी के अनुसार सीआईएसएफ टीम ने गेवरा कोयला खदान परिसर के भीतर से 12 व्यक्तियों को बिना वैध प्रवेश पास के पकड़ा। इन सभी के विरुद्ध दीपका थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल गेवरा में पदस्थ महिला निरीक्षक श्रद्धा देवांगन माहेश्वरी के नेतृत्व में एक दल ने गेवरा खदान क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाया। यह जांच विशेष रूप से बी-2 कोल स्टॉक, ओल्ड दीपका कोल स्टॉक और क्यू-कोल स्टॉक क्षेत्रों में केंद्रित रहा। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि 12 व्यक्ति खदान परिसर में बिना किसी वैध प्रवेश पास के घूम रहे थे, जो खदान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है। पकड़े गए व्यक्तियों से सीआईएसएफ दल ने गहन पूछताछ की।
पूछताछ में वे खदान में प्रवेश करने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। पकड़े गए व्यक्तियों को आगे की कार्यवाही के लिए दीपका थाना को सौंपा गया।
15 मई / मंथन मित्तल



